15 फरवरी: महाशिवरात्रि के अवसर पर सराज क्षेत्र में एक दुखद सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रविवार सुबह लगभग 4 बजे थुनाग क्षेत्र के अंतर्गत एमडीआर-91 लंबाथाच–कल्हणी मार्ग पर बुनालीधार के समीप हुआ।
पुलिस के अनुसार जीप (एचपी-65 5148) में चार युवक सवार थे, जो बगस्याड़–रहीधार और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। तीखे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान हृतिक ठाकुर (19) पुत्र संजीव कुमार, निवासी रहीधार; सुनील (17) पुत्र ज्ञान चंद, निवासी गांव वह, डाकघर केलोधार; तथा ईशान (18) पुत्र संजीव कुमार, निवासी थरजूण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों आपस में मित्र थे।
हादसे में घायल कुशाल (18) का प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जंजैहली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।
एसपी विनोद ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।