22 मार्च से पंडोह में अग्निवीर भर्ती रैली, मंडी-कुल्लू-लाहौल स्पीति के युवा होंगे शामिल

14 फरवरी: मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का सुनहरा अवसर है। अग्निपथ योजना के तहत वर्ष 2025 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (भर्ती रैली) का आयोजन 22 मार्च से 30 मार्च तक ट्रेनिंग ग्राउंड रिजर्व बटालियन, पंडोह में किया जाएगा।

सेना भर्ती कार्यालय मंडी के निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने जानकारी देते हुए बताया कि लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड शीघ्र ही भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in� पर अपलोड किए जाएंगे। साथ ही पंजीकृत ईमेल आईडी पर भी संबंधित सूचना भेजी जाएगी। अभ्यर्थी वेबसाइट पर लॉग-इन कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थी एडमिट कार्ड में अंकित तिथि और समय के अनुसार ही रैली स्थल पर पहुंचें। उम्मीदवारों को आवश्यक मूल दस्तावेज और उनकी छायाप्रति साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।

भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन और सेना की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। युवाओं से अपील की गई है कि वे अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार के बिचौलियों से सतर्क रहें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *