28 नवम्बर:स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था मानवता की सेवा और समाज के नैतिक एवं आध्यात्मिक उत्थान की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। युवाओं को सही दिशा, अच्छे संस्कार और सकारात्मक वातावरण प्रदान करके ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
डॉ. शांडिल सोलन में ब्रह्माकुमारीज संस्था सोलन एवं समाज सेवा प्रभाग माउंट आबू, राजस्थान के सौजन्य से आयोजित ‘संगम’ गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन कार्यक्रम के तहत आध्यात्मिक समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है, लेकिन केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज सहित सभी सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में आगे आने और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने संस्था को 51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। डॉ. के.के. रैना ने सभी का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी दीदी बी.के. सुषमा, प्रदेश कांग्रेस समिति पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. कर्नल संजय शांडिल, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष अमित ठाकुर, ग्राम पंचायत मनसार के प्रधान जय प्रकाश, उपमंडलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन हिमाचली, संधिरा सिंह सीनू सहित आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।