30 अप्रैल से पहले तैयार होगा हरोली का सिंथेटिक ट्रैक और हेलीपोर्ट: मुकेश अग्निहोत्री

28 नवम्बर: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को न्यू हरोली में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि न्यू हरोली में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। दिसंबर तक इसका 60 प्रतिशत कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत ट्रैक का आवश्यक स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। मौसम अनुकूल रहने पर गर्मियों में सिंथेटिक सतह बिछाने का कार्य शुरू होगा और 30 अप्रैल से पहले ट्रैक पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि न्यू हरोली में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का कार्य भी अप्रैल माह तक पूरा करने का लक्ष्य है। पूरे परिसर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकास केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां इनडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, सैनिक भवन, उद्योग भवन और जल शक्ति विभाग का एसई कार्यालय बनाया जा रहा है।

मुकेश अग्निहोत्री ने अधिकारियों को पूरे परिसर में पानी की निकासी के लिए प्रभावी और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या न हो। उन्होंने बताया कि सभी परियोजनाओं को आपस में जोड़ने और परिसर में सुगम आवागमन के लिए रिंग रोड भी प्रस्तावित है। इसके अलावा रामपुर पुल से हरोली की ओर एक बड़ा गोल चक्कर बनाया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

उन्होंने बताया कि रामपुर पुल से हरोली जल शक्ति भवन तक विकसित किए जा रहे विकास पथ का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप देने के साथ विभिन्न परियोजनाओं तक बेहतर पहुंच और कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यू हरोली में सभी परियोजनाओं को एकीकृत रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि लोगों को एक ही परिसर में खेल, सामाजिक, प्रशासनिक और अन्य आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। इन विकास कार्यों के पूरा होने से हरोली के विकास को नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री सहित जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *