धर्मपुर में पीसीपीएनडीटी अधिनियम और नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता शिविर, 40 प्रतिभागियों ने लिया भाग

27 नवम्बर: बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत चलाए जा रहे 60 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बाल विकास परियोजना धर्मपुर की ओर से पीसीपीएनडीटी अधिनियम और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इस दौरान उप-स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आरती ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम, 1994 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण और लिंग निर्धारण करना कानूनन अपराध है। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या रोकने और इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।

बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर धनी राम ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर, 2026 से 17 जनवरी, 2027 तक चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें समान अधिकार एवं अवसर प्रदान करने के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

शिविर में नशे के स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *