27 नवम्बर: जोगिंदर नगर में युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत 10 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अभियान की तैयारियों को लेकर एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम ने बताया कि अभियान के तहत पहले से निर्धारित आठ खेल प्रतियोगिताओं में अब फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया गया है। इसके चलते अब उपमंडल में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी, फुटबॉल और बास्केटबॉल सहित कुल 10 खेल प्रतियोगिताएं होंगी।
इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इच्छुक प्रतिभागी https://khelohimachal.hp.gov.in पोर्टल पर 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। खिलाड़ी एक से अधिक खेलों में भाग लेने के लिए भी पंजीकरण कर सकते हैं।
एसडीएम ने बताया कि कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर यह राशि क्रमशः 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये, जबकि राज्य स्तर पर 31 लाख, 15 लाख और 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
उन्होंने संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उन्हें नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एसडीएम ने कहा कि चिट्टा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।