27 नवम्बर: कुल्लू जिले में ऑटो-रिक्शा चालकों की ओर से मनमाना किराया वसूलने पर अब प्रशासन सख्ती बरतेगा। यात्रियों की सुविधा और किराया व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने सभी ऑटो-रिक्शा यूनियनों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ऑटो-रिक्शा के भीतर शिकायत नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए, ताकि यात्री अधिक किराया वसूले जाने या किसी अन्य असुविधा की स्थिति में शिकायत दर्ज करवा सकें।
इस संबंध में एडीएम सुरजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में कुल्लू, भुंतर, मौहल और मनाली ऑटो-रिक्शा यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कुल्लू आकांक्षा शर्मा और श्रम अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में एडीएम ने यूनियन प्रधानों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के ऑटो मालिकों और चालकों को मनमाना किराया न वसूलने की हिदायत दें। उन्होंने कहा कि यदि एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए ऑटो में एक से अधिक सवारियां बैठती हैं, तो किराया सवारियों के बीच आधा-आधा बांटकर लिया जाना सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।