रूस में नौकरी का झांसा देकर मंडी के 13 युवाओं से लाखों की ठगी का आरोप, सुरक्षित वापसी की लगाई गुहार

27 नवम्बर: विदेश में नौकरी कर बेहतर भविष्य बनाने का सपना लेकर रूस पहुंचे मंडी जिले के 13 युवाओं के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। युवाओं को रूस में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लाखों रुपये वसूलने के आरोप लगाए गए हैं। प्रभावितों ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और विदेश में फंसे युवाओं की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।

मंडी के बलद्वाड़ा निवासी मनोहर लाल ने बताया कि संजू लाल, जगदीश, दूनी चंद और नखु राम सहित कुल 13 लोग रोजगार की तलाश में रूस गए थे। सुंदरनगर निवासी कर्मचंद ने उन्हें रूस में वेयरहाउस में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि युवाओं को टूरिस्ट वीजा पर रूस भेजा गया और इसके लिए उनसे अलग-अलग रकम वसूली गई। किसी से अढ़ाई लाख, किसी से तीन लाख तो किसी से 2.80 लाख रुपये लिए गए।

मनोहर लाल के अनुसार, कुछ पैसे कर्मचंद के बैंक खाते में जमा करवाए गए, जबकि कुछ रकम आशीष राणा नामक व्यक्ति के खाते में डाली गई। रूस पहुंचने के बाद युवाओं को एक पाकिस्तानी व्यक्ति के हवाले कर दिया गया। वहां उन्हें वेयरहाउस में नौकरी देने के बजाय अलग-अलग काम सौंप दिए गए। किसी को घोड़ों के तबेले में काम करना पड़ा तो किसी को बर्तन साफ करने का काम दिया गया।

मनोहर लाल ने इस पूरे मामले में कर्मचंद के साथ बैजनाथ निवासी बताए जा रहे आशीष राणा की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। प्रभावित युवाओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और विदेश में फंसे युवाओं की सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर एडीसी मंडी प्रियांशु खाती को ज्ञापन सौंपा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *