27 नवम्बर: हमीरपुर में जिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक वीरवार को हमीर भवन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही तक बैंकों की उपलब्धियों और निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की गई।
इस दौरान उपायुक्त ने सभी बैंक अधिकारियों को आम लोगों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध करवाने तथा सरकार की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण आवंटित करने में देरी न करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश सरकार की डॉ. वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर शिक्षा ऋण प्राप्त करने के लिए अधिकतम वार्षिक आय की सीमा बढ़ाकर 12 लाख रुपये कर दी गई है।
उपायुक्त ने बताया कि 30 सितंबर को समाप्त हुई चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही तक जिले के सभी बैंकों की कुल जमा राशि 18,813.8 करोड़ रुपये रही, जबकि ऋण आवंटन 4,585.20 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। जिले का ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशो) 24.37 प्रतिशत रहा। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को वित्त वर्ष की समाप्ति तक इसे बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिले में 48,250 किसान क्रेडिट कार्ड धारकों में से 34,149 को रूपे कार्ड जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने शेष केसीसी धारकों को भी जल्द रूपे कार्ड उपलब्ध करवाने को कहा। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत जिले के 590 स्वयं सहायता समूहों को 8.87 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण दिए जा चुके हैं।
बैठक में पीएम स्वनिधि, पीएमईजीपी, मुद्रा ऋण और एससी-एसटी निगम से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा दूरदराज क्षेत्रों में बैंक शाखाएं और एटीएम खोलने, स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी अन्य योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल ने विभिन्न योजनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया। भारतीय रिजर्व बैंक के शिमला कार्यालय के एलबीओ राहुल जोशी ने बैंक के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। पीएनबी आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने संस्थान की उपलब्धियों से अवगत करवाया। उपायुक्त ने आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा, एडीसी अभिषेक गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।