हमीरपुर के सुजानपुर चौगान में 11 दिसंबर को होगा प्रदेश सरकार के चार साल का राज्य स्तरीय समारोह, डीसी ने तैयारियों की समीक्षा की

27 नवम्बर: प्रदेश सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को सुजानपुर के चौगान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को हमीर भवन में जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कीं।

उपायुक्त ने बताया कि समारोह में प्रदेश के सभी 12 जिलों से हजारों लोग भाग लेंगे। ऐसे में आयोजन स्थल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को वाहनों की आवाजाही के रूट, यातायात नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था के लिए विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाईवे के अधिकारियों को सुजानपुर की ओर जाने वाली सभी सड़कों की मरम्मत करवाने को कहा। जल शक्ति विभाग और नगर परिषद को आयोजन स्थल पर पेयजल, सफाई और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा मंच और गेट निर्माण, दर्शक दीर्घा में अलग-अलग ब्लॉक बनाने, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने-अपने उपमंडलों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को समारोह स्थल तक पहुंचाने तथा अन्य जिलों से आने वाले लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त प्रबंध करने को कहा।

बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, एसी टू डीसी संजीत सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *