लाहौल-स्पीति के तांदी-प्यूकर मार्ग पर पिकअप जीप नाले में गिरी, कुल्लू के दंपति की मौत, एक गंभीर घायल

27 नवम्बर: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के तांदी-प्यूकर मार्ग पर पैट्रोल पंप के समीप एक पिकअप जीप अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। इस हादसे में कुल्लू जिले के एक दंपति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसे का कारण सड़क पर जमी ब्लैक आइस को माना जा रहा है।

मृतकों की पहचान जिला कुल्लू के कटराईं निवासी अजय पुत्र दीवान चंद और उनकी पत्नी अंजली के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान लापसंग (केलांग) निवासी अक्षय पुत्र जवाहर लाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार पिकअप जीप (एचपी 42-3830) गोजंग गांव से तांदी की ओर जा रही थी। वाहन में दो पुरुष और एक महिला सवार थे। जब जीप पैट्रोल पंप के समीप पहुंची तो सड़क पर जमी ब्लैक आइस के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और जीप अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल अक्षय को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया। अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. सुषमा स्वांगला ने बताया कि घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।

गौरतलब है कि घाटी में तापमान में गिरावट के चलते पिछले तीन दिनों से सड़कों पर पानी जमने और ब्लैक आइस की समस्या बढ़ गई है। इसके कारण वाहनों के फिसलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *