नादौन के पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया लोकतांत्रिक मूल्यों के पालन का संकल्प

26 नवम्बर, नरेश मलोटिया : पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में संविधान दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रार्थना सभा में संविधान के प्रति शपथ ग्रहण के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

विद्यालय के संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया ने बताया कि संविधान दिवस के उपलक्ष्य में भाषण, चित्रकला, नारा लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की विशेषताओं तथा न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे मूल्यों को समझने का अवसर मिला। विद्यालय के राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता सुरेश कुमार के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं का संचालन किया गया।

इस अवसर पर इतिहास प्रवक्ता राजेश कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों को संविधान निर्माण के इतिहास और इसके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी, 1950 को इसे लागू किया गया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का महत्व समझाते हुए विद्यार्थियों से संवैधानिक आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की देखरेख विद्यालय के उपप्रधानाचार्य परमजीत सिंह की अध्यक्षता में की गई। उन्होंने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित होती है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान में निहित अधिकारों और कर्तव्यों का सम्मान करने तथा एक जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *