25 नवम्बर: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में फैकल्टी और अन्य शैक्षणिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संस्थान में कुल 73 नियमित फैकल्टी पदों के अलावा संविदा आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर के दो और नर्सिंग लेक्चरर का एक पद भरा जाएगा। इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थी 21 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन प्रक्रिया से संबंधित गूगल फॉर्म 14 दिसंबर को सक्रिय होगा।
एम्स प्रशासन के अनुसार प्रोफेसर के 20 पदों में छह अनारक्षित, पांच अनुसूचित जाति, एक अनुसूचित जनजाति और आठ अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित हैं। एडिशनल प्रोफेसर के सात पदों में दो अनारक्षित, दो अनुसूचित जाति और तीन अन्य पिछड़ा वर्ग के हैं।
इसी तरह एसोसिएट प्रोफेसर के 13 पदों में दो अनारक्षित, दो अनुसूचित जाति, दो अनुसूचित जनजाति और सात अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर के 30 नियमित पदों में छह अनारक्षित, एक ईडब्ल्यूएस, छह अनुसूचित जाति, तीन अनुसूचित जनजाति और 14 अन्य पिछड़ा वर्ग के पद शामिल हैं। इसके अलावा संविदा आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर के दो पद भरे जाएंगे। इनमें सीटीवीएस में अनारक्षित वर्ग का एक और फिजियोलॉजी में अनुसूचित जाति वर्ग का एक पद शामिल है। कॉलेज ऑफ नर्सिंग में नर्सिंग लेक्चरर (असिस्टेंट प्रोफेसर) का एक नियमित पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित किया गया है।
सातवें वेतन आयोग के तहत प्रोफेसर पद के लिए 1,68,900 से 2,20,400 रुपये, एडिशनल प्रोफेसर के लिए 1,48,300 से 2,11,400 रुपये, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 1,38,300 से 2,09,200 रुपये और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 1,01,500 से 1,67,400 रुपये वेतनमान निर्धारित किया गया है। वहीं, नर्सिंग लेक्चरर के पद के लिए 67,700 से 2,08,700 रुपये वेतनमान मिलेगा।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थी एम्स बिलासपुर के हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।