माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए 26 व 27 नवंबर को अंब में होंगे ऑडिशन

25 नवम्बर: माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों के लिए 26 व 27 नवंबर को महाराणा प्रताप कॉलेज, अंब में ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय अंब में अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा ऑडिशन के दोनों दिन भी मौके पर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि नामी कलाकारों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के साथ-साथ पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी जाएगी। माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव का आयोजन 4 से 6 दिसंबर तक प्रस्तावित है। महोत्सव का शुभारंभ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो अंब मेला मैदान तक पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और लोगों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि आयोजन के दौरान किसी को असुविधा न हो। महोत्सव को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय लोगों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि महोत्सव की सफलता के लिए संबंधित विभागों, स्थानीय लोगों और आयोजन से जुड़े सभी पक्षों की सामूहिक सहभागिता और सहयोग महत्वपूर्ण है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *