25 नवम्बर: नूरपुर किले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, शिमला मंडल के तत्वावधान में विश्व धरोहर सप्ताह मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बीटीसी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नूरपुर, बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल नूरपुर, नूरपुर पब्लिक स्कूल, इंद्र प्रभा आदर्श पब्लिक स्कूल नूरपुर तथा डीएवी पब्लिक स्कूल बागनी के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बीटीसी स्कूल नूरपुर की अनमोल ने प्रथम, नूरपुर पब्लिक स्कूल की मन्नत ने द्वितीय और डीएवी पब्लिक स्कूल की नीलाक्षी राणा ने तृतीय स्थान हासिल किया। एसडीएम अरुण शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अरुण शर्मा ने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरें हमारी समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और पहचान की प्रतीक हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विश्व धरोहर सप्ताह जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने और इसके महत्व के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नूरपुर किला क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपने इतिहास को जानने और उसे सहेजने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण सहायक सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।