25 नवम्बर: हमीरपुर से चंडीगढ़ वाया ऊना रूट पर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एसी बस ऊना जिले के जोल में हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। सामने से आ रही निजी वोल्वो बस को बचाने के प्रयास में एचआरटीसी बस सड़क किनारे नाली में जा घुसी। चालक की सूझबूझ से बस पलटने से बच गई। बस में सवार करीब 30 यात्रियों में से किसी को भी चोट नहीं आई, हालांकि बस को काफी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार ऊना डिपो की यह बस सुबह 5:20 बजे हमीरपुर बस स्टैंड से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 6:15 बजे जब बस सलोनी के नजदीक जोल पहुंची, तो सामने से आ रही निजी वोल्वो बस को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को सड़क किनारे उतार दिया। इस दौरान बस नाली में जा घुसी और पलटने से बाल-बाल बची। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। यात्रियों को करीब दो घंटे बाद हमीरपुर डिपो की दूसरी बस से चंडीगढ़ भेजा गया। इस दौरान सुबह ठंड के मौसम में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे बाद यातायात दोबारा सुचारू करवाया।