23 नवम्बर: खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 के लिए अंडर-18 पुरुष कबड्डी टीम के चयन को लेकर 24 नवंबर को जिला खेल छात्रावास बिलासपुर में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित ये ट्रायल सुबह 10 बजे शुरू होंगे।
विभाग के अतिरिक्त निदेशक गौरव महाजन ने बताया कि ट्रायल में एक जनवरी, 2009 या इसके बाद जन्मे 18 वर्ष से कम आयु के पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इच्छुक खिलाड़ियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र (मैट्रिक), आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि आयु प्रमाण पत्र के रूप में नगर निगम या ग्राम पंचायत की ओर से जारी प्रमाण पत्र मान्य होगा, जो कम से कम पांच वर्ष पुराना यानी एक जनवरी, 2021 या उससे पहले जारी किया गया हो। खिलाड़ियों को सभी दस्तावेजों की सत्यापित फोटोकॉपी और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित समय पर ट्रायल केंद्र में पहुंचना होगा।
अतिरिक्त निदेशक ने स्पष्ट किया कि ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को विभाग की ओर से किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) या दैनिक भत्ता (डीए) नहीं दिया जाएगा।