23 नवम्बर: शाहपुर तहसील के अंतर्गत डड़म्ब गांव की बेटी जेसमीन शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला के दीक्षांत समारोह में जेसमीन को एमएससी बॉटनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। समारोह में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए।
जेसमीन ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी माता अंजना कुमारी, पिता ज्योति शर्मा और गुरुजनों को दिया। वर्तमान में वह सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर में पीएचडी कर रही हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में प्रोफेसर बनकर वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में शोध कार्यों को बढ़ावा देना है।
जेसमीन की इस उपलब्धि से डड़म्ब गांव सहित पूरे शाहपुर उपमंडल में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।