23 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 780 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26044 के तहत आयोजित टैबलेट आधारित परीक्षा के बाद कुल 770 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 11,415 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 9,983 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद 770 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण ओबीसी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) और एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग के 5-5 पद खाली रह गए हैं। आयोग ने अंतिम परिणाम सभी चयनित उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।