ऑपरेशन सिंदूर पर जगत सिंह नेगी की टिप्पणी को लेकर विधानसभा में हंगामा, भाजपा ने किया सदन से वॉकआउट

20 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी का मामला शुक्रवार को भी गरमाया रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने इस मुद्दे को उठाते हुए मंत्री की टिप्पणी को विधानसभा की कार्यवाही से हटाने और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष की ओर से रिकॉर्ड की जांच के बाद निर्णय लेने का आश्वासन दिए जाने पर विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। इसके बाद भाजपा विधायकों ने सदन में नारेबाजी करते हुए वाकआउट कर दिया।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधानसभा अध्यक्ष पर मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की सेना के खिलाफ टिप्पणी करने वाले मंत्री को मंत्रिमंडल में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री को तत्काल जगत सिंह नेगी को पद से बर्खास्त करना चाहिए।

जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष पिछले दिन से लगातार इस मुद्दे को सदन में उठा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष की अनुपस्थिति में सभापति ने आश्वासन दिया था कि अगले दिन पूरा रिकॉर्ड देखने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को अध्यक्ष के सदन में पहुंचने पर विपक्ष ने दोबारा इस मामले में जवाब मांगा, लेकिन अध्यक्ष ने रिकॉर्ड की जांच के बाद फैसला लेने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित मंत्री अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगने को भी तैयार नहीं हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर मंत्री को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भी खुलकर उनके पक्ष में खड़े नजर आए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को लेकर की गई बयानबाजी अलग विषय है, लेकिन देश की सेना और जवानों के सम्मान से जुड़ा मामला बेहद गंभीर है और इसे किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि राफेल और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सदन में इस्तेमाल की गई भाषा से भारतीय सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़े हुए हैं और जवानों के सम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी पाकिस्तान के रुख को बढ़ावा देने जैसी है। भाजपा इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री से स्पष्टीकरण और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की बर्खास्तगी की मांग करती रहेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *