धर्मशाला में एनपीएस संचय योजना पर जागरूकता कार्यक्रम, किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को मिलेगी बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा

20 नवम्बर: किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और असंगठित क्षेत्र से जुड़े लोगों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से वीरवार को होटल डी-पोलो, धर्मशाला में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) संचय योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण के तत्वावधान एवं मार्गदर्शन तथा राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के प्रधान वित्त सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर अग्रणी जिला बैंक, कांगड़ा (पीएनबी) से पृथ्वी रणवीर और यूको बैंक के राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के अंचल प्रमुख कमल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

डॉ. अभिषेक जैन ने कहा कि वर्तमान समय में भविष्य की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए वित्तीय नियोजन और नियमित बचत बेहद जरूरी है। विशेषकर किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए पेंशन योजनाओं की जानकारी और उनसे जुड़ने के अवसर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों सहित आमजन को पेंशन और दीर्घकालिक वित्तीय नियोजन के प्रति जागरूक करना तथा वृद्धावस्था में आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए उपलब्ध विकल्पों से जोड़ना है।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) की विशेषताओं, निवेश के विभिन्न विकल्पों, योजना से जुड़ने की प्रक्रिया और इसके माध्यम से दीर्घकालिक बचत के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों को पेंशन व्यवस्था से जोड़ना समय की आवश्यकता है, ताकि वृद्धावस्था में उन्हें नियमित आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

इस दौरान पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण की ओर से शुभम खंडेलवाल, डॉ. ऋत्विक भावसार और रघुवीर सिंह चरण ने विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में भाग लिया। इसके अलावा नाबार्ड से हिमांशु साहू, कृषि विभाग से अशोक और बागवानी विभाग से डॉ. राजकुमारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में किसानों, ग्रामीण उद्यमियों, वित्तीय साक्षरता समूहों के प्रतिनिधियों और कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की योजना से संबंधित शंकाओं का समाधान भी किया।

कार्यक्रम के दौरान एनपीएस संचय योजना से जुड़ने के इच्छुक लोगों के लिए मौके पर ही पंजीकरण की व्यवस्था की गई, जिससे प्रतिभागियों को तत्काल नामांकन का अवसर मिला।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *