19 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन वीरवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आग्रह पर विपक्ष की सहमति मिलने के बाद सदन में 13 महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए गए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने विपक्ष से इन विधेयकों को पेश करने की अनुमति देने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि कुछ विधेयक बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश की संपदा से जुड़ा एक विधेयक भी शामिल है, जिस पर काम रोकने का प्रस्ताव लाया गया है। वहीं, एक अन्य विधेयक विधवा बहनों के अधिकारों से संबंधित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी 13 विधेयक पेश होने से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य विपक्षी सदस्यों को इन्हें पढ़ने और समझने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। उन्होंने बताया कि पिछले दिन प्रश्नकाल शुरू करवाने के लिए सदन की सहमति नहीं बन पाई थी, लेकिन आज वह विपक्ष से विधेयक पेश करने के लिए सहमति मांग रहे हैं। विधेयक पेश होने के बाद नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा जारी रखी जा सकती है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो विधानसभा सत्र की बैठकें दो दिन और बढ़ानी पड़ सकती हैं।
इस पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सदन की स्थापित व्यवस्था के अनुसार ही कार्यवाही चलनी चाहिए। जब नियम 67 के तहत चर्चा हो रही है तो उसे जारी रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वीरवार को गैर सरकारी सदस्य दिवस भी है और इस दिन कोई अन्य कार्यवाही नहीं होती। हालांकि, चर्चा पूरी होने के बाद विधेयक पेश करने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक दिन सरकार प्रश्नकाल नहीं करवाने की बात करती है और दूसरे दिन स्थगन प्रस्ताव की चर्चा के बीच विधेयक पेश करने की जरूरत बता रही है।
संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भी सदस्यों से 13 विधेयक पेश करने के लिए सहमति देने का आग्रह किया। अंततः मुख्यमंत्री के अनुरोध पर विपक्ष विधेयक पेश करने के लिए सहमत हो गया। इस दौरान जयराम ठाकुर ने मुस्कुराते हुए चुटकी ली कि यह तो धक्का ही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चार साल ऐसे ही निकाल दिए, लेकिन मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की है तो विपक्ष उनकी प्रार्थना स्वीकार करता है।