विधानसभा की कार्यवाही देखकर उत्साहित हुए भटियात के विद्यार्थी, स्पीकर कुलदीप पठानिया से जानी संसदीय प्रणाली

18 नवम्बर:शीतकालीन विधानसभा सत्र के तीसरे दिन बुधवार को राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनहोता (भटियात) के छात्र-छात्राओं ने तपोवन विधानसभा में चल रहे 14वीं विधानसभा के 13वें सत्र की कार्यवाही देखी। दोपहर एक बजे विधानसभा परिसर पहुंचने पर विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से शिष्टाचार भेंट की और संसदीय प्रणाली, विधानसभा की कार्यप्रणाली तथा स्पीकर के चुनाव से संबंधित कई सवाल पूछे। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों के सभी सवालों के विस्तार से जवाब दिए।

इस दौरान कुलदीप सिंह पठानिया ने भी विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के इतिहास से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों से सदन की कार्यवाही के दौरान देखी गई गतिविधियों और उनके अनुभवों के बारे में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही को लेकर अपने विचार साझा किए।

विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को संसदीय प्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि भारत की संसदीय व्यवस्था संघीय ढांचे पर आधारित है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकारें शामिल हैं। देश में बहुदलीय प्रणाली के तहत राजनीतिक दल अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारते हैं और जनता मतदान के माध्यम से उनका चयन करती है। विधानसभा के सत्रों के दौरान विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की समस्याओं को प्रश्नों और विभिन्न संसदीय नियमों के माध्यम से सदन में उठाते हैं, जिनका जवाब सरकार देती है।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कुल 68 सीटें हैं। जिस राजनीतिक दल को 35 या इससे अधिक सीटें मिलती हैं, वह सरकार बनाने की स्थिति में होता है। इसके बाद मुख्यमंत्री और मंत्रियों को मिलाकर मंत्रिमंडल का गठन किया जाता है। मुख्यमंत्री सरकार का मुखिया होता है, जबकि राज्यपाल मंत्रिपरिषद की सलाह के अनुसार कार्य करते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने स्पीकर के चुनाव की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव सदन के सदस्य करते हैं। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत प्रोटेम स्पीकर करते हैं, जो सदन के वरिष्ठ सदस्य होते हैं। इसके बाद स्पीकर पद के लिए उम्मीदवारों का नामांकन होता है। यदि एक ही उम्मीदवार मैदान में हो तो उसे निर्विरोध चुन लिया जाता है, जबकि एक से अधिक उम्मीदवार होने पर मतदान के माध्यम से अध्यक्ष का चयन किया जाता है।

अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विद्यार्थियों को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *