18 नवम्बर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तोएबा के वांछित आतंकी कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। वह एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों की ओर से उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई मौके दिए गए, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई कार्रवाई में वह मारा गया।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी, इसी दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इसकी जानकारी साझा की। कुलगाम में 16 नवंबर के बाद यह दूसरी मुठभेड़ है। इससे पहले 16 नवंबर को हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया था। उसे लश्कर-ए-तोएबा के वांछित कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का कथित सहयोगी बताया गया था।
लतीफ भट पर पिछले सप्ताह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान पर हुए हमले सहित कई आतंकी हमलों में शामिल होने का आरोप था। वह उस दौरान गोलीबारी के बीच भागने में सफल रहा था। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसे इस इलाके में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकियों में से एक माना जा रहा था।