18 नवम्बर: धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुँता, भटियात के छात्र-छात्राओं ने सदन की कार्यवाही देखी। कार्यवाही देखने से पहले विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की और विधानसभा के गठन, भूमिका तथा अध्यक्ष पद के महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से सदन की कार्यवाही के बारे में विस्तार से बताने का आग्रह किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने सरल भाषा में समझाया कि विधानसभा राज्य का कानून बनाने वाला सदन है। राज्य के अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए विधायक मिलकर विधानसभा का गठन करते हैं। विधानसभा का मुख्य कार्य प्रदेश के लोगों के लिए कानून बनाना और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है।
उन्होंने बताया कि जिस राजनीतिक दल के सबसे अधिक विधायक चुनाव जीतते हैं, वह सरकार बनाता है और उसका मुखिया मुख्यमंत्री होता है। विधानसभा में विधायक सरकार से जनता की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर सवाल पूछते हैं। सरकार हर वर्ष बजट के माध्यम से अपनी योजनाओं और खर्चों का विवरण सदन के समक्ष रखती है, जिसे विधानसभा की मंजूरी मिलती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को स्पीकर की भूमिका के बारे में बताते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी विधानसभा अध्यक्ष की होती है। वहीं, विपक्ष सरकार के कामकाज पर नजर रखने के साथ जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाता है। किसी भी मुद्दे पर चर्चा के बाद विधेयकों को मतदान के माध्यम से पारित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां जनता अपने चुने हुए प्रतिनिधियों के माध्यम से शासन व्यवस्था में भागीदारी करती है। इस अवसर पर उन्होंने सभी विद्यार्थियों को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।