17 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की स्थगित परीक्षाओं की संशोधित डेटशीट जारी कर दी है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार 11 नवंबर को स्थगित की गई परीक्षाएं अब निर्धारित नई तिथियों पर आयोजित होंगी।
बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष में डांस विषय के जनरल थ्योरी ऑफ डांस और बेसिक डांस टर्म्स की परीक्षा 23 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी। गणित के डिफरेंशियल कैलकुलस और दर्शनशास्त्र के इंडियन फिलॉसफी-1 का पेपर 27 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगा। वहीं, वनस्पति विज्ञान के बायोडायवर्सिटी विषय की परीक्षा 27 नवंबर को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी।
द्वितीय वर्ष में संस्कृत विषय के संस्कृत नाटक का पेपर 27 नवंबर को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगा। पत्रकारिता विषय के न्यू मीडिया कम्युनिकेशन और बीकॉम के कॉस्ट अकाउंटिंग की परीक्षा इसी दिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी।
तृतीय वर्ष में कम्प्यूटर एप्लीकेशन/साइंस के प्रोग्रामिंग इन जावा का पेपर 21 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगा। अंग्रेजी विषय के एकेडमिक राइटिंग एंड कंपोजिशन की परीक्षा 27 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक तथा संगीत विषय के थ्योरी ऑफ इंडियन म्यूजिक एंड घराना ट्रेडिशन का पेपर सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगा। कम्प्यूटर एप्लीकेशन एवं साइंस के सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की परीक्षा 28 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने स्पष्ट किया है कि संशोधित परीक्षा तिथियों के अलावा डेटशीट की अन्य सभी जानकारियां पहले की तरह ही रहेंगी।
इसके अलावा एचपीयू ने शास्त्री प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की सप्लीमेंट्री परीक्षाओं के स्थगित प्रश्नपत्रों का नया शेड्यूल भी जारी किया है। शास्त्री प्रथम वर्ष के दर्शनशास्त्र का पेपर 23 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक, द्वितीय वर्ष के वेद विषय की परीक्षा 23 नवंबर को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक तथा तृतीय वर्ष के अंग्रेजी विषय के एकेडमिक राइटिंग एंड कंपोजिशन की परीक्षा 27 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी।