17 नवम्बर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपीन की राजधानी मनीला स्थित देश के सबसे पुराने गुरुद्वारे खालसा दीवान में मत्था टेका और इसके पुनर्विकास कार्यों की आधारशिला रखे जाने के समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सिख धर्म की आध्यात्मिक विरासत और भारत-फिलीपीन के ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंधों को भी रेखांकित किया। गुरुद्वारे में पहुंचकर मोदी ने खुद को धन्य बताते हुए कहा कि यहां आना उनके लिए विशेष अनुभव है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर गुरुद्वारे की तस्वीरें साझा करते हुए भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
वर्ष 1901 में स्थापित गुरुद्वारा खालसा दीवान फिलीपीन में भारतीय और विशेषकर पंजाबी-सिख समुदाय की पुरानी मौजूदगी का प्रतीक है। वर्ष 1903 में इसे औपचारिक रूप से संगठित किया गया और 1924 में खालसा दीवान के नाम से पंजीकृत किया गया। एक सदी से अधिक समय से यह गुरुद्वारा भारत और फिलीपीन के बीच सांस्कृतिक संबंधों तथा सिख समुदाय की धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
गुरुद्वारे के पुनर्विकास की योजना के तहत इसे पांच मंजिला परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे संगत और समुदाय को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। आधारशिला समारोह में पांच प्यारे भी मौजूद रहे। इस अवसर पर फिलीपीन के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो सहित कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरु साहिबों की शिक्षाओं को नमन करते हुए कहा कि सिख समुदाय ने सेवा और समर्पण के माध्यम से पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय हमेशा दूसरों की सेवा करने और बेहतर समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को फिलीपीन पहुंचे थे। वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मनीला की यात्रा पर हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक भी शामिल है। सितंबर 2024 के बाद यह क्वाड नेताओं की पहली आमने-सामने की बैठक होगी।
इस यात्रा का उद्देश्य भारत और आसियान देशों के बीच व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और आपसी संबंधों को मजबूत करना है। साथ ही भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से भी इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।