17 नवम्बर: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से सोमवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित पत्रकार कक्ष में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। संगोष्ठी में भारतीय प्रेस परिषद की ओर से इस वर्ष निर्धारित विषय ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और शासन-प्रशासन की व्यवस्था में इसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मीडिया के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार होने के साथ-साथ सरकार और प्रशासन को जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण जानकारियां एवं फीडबैक भी मिलता है। इसके अलावा सामाजिक और सरकारी अभियानों के प्रति आम जनता को जागरूक करने में भी मीडिया अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में तथ्यों की प्रमाणिकता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। किसी भी संवेदनशील खबर को सनसनीखेज बनाने के बजाय तथ्यों और आधिकारिक पुष्टि के आधार पर ही प्रकाशित या प्रसारित करना चाहिए। इससे मीडिया की विश्वसनीयता बनी रहती है।
एसपी बलवीर सिंह ने कहा कि तकनीक के विस्तार और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से पत्रकारिता की कार्यशैली में काफी बदलाव आया है। ऐसे में मीडियाकर्मियों की जिम्मेदारी भी पहले से अधिक बढ़ गई है। संवेदनशील मामलों की रिपोर्टिंग करते समय विशेष सावधानी बरतने के साथ पुलिस की जांच प्रक्रिया और निर्धारित प्रोटोकॉल का भी ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने पत्रकारों से बेहतर समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता देने की अपील की।
संगोष्ठी में कई वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने हमीरपुर में प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि उपलब्ध करवाने पर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया। इस दौरान जिला लोक संपर्क अधिकारी ने उपायुक्त, एसपी और उपस्थित पत्रकारों का स्वागत किया तथा राष्ट्रीय प्रेस दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला।