100 साल के जमीतू ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, पीएम आवास योजना की राशि लेने से किया इनकार

17 नवम्बर: चंबा जिले की सलूणी पंचायत के घुडेरा गांव निवासी करीब 100 वर्षीय बुजुर्ग जमीतू ने ईमानदारी और स्वाभिमान की अनूठी मिसाल पेश की है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए चयनित होने के बावजूद उन्होंने आर्थिक सहायता लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि उनके पास पहले से ही रहने के लिए मकान उपलब्ध है, इसलिए इस सहायता की जरूरत किसी ऐसे गरीब परिवार को मिलनी चाहिए, जिसके पास अपना घर नहीं है।

जमीतू की इस पहल की सराहना करते हुए सोमवार को ग्राम पंचायत सलूणी के प्रधान मदन मोहन शर्मा और सेवानिवृत्त चीफ फार्मासिस्ट प्रेम सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान पंचायत प्रधान मदन मोहन शर्मा ने कहा कि आज के समय में जहां हर कोई सरकारी योजनाओं का लाभ लेना चाहता है, वहीं करीब 100 वर्ष की उम्र में जमीतू ने जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और ईमानदारी का परिचय दिया है। उनकी सोच समाज के लिए प्रेरणादायक है।

जमीतू ने सोमवार को आयोजित ग्रामसभा में भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए उन्हें मिलने वाली राशि वे नहीं लेना चाहते। उन्होंने आग्रह किया कि यह सहायता किसी अन्य जरूरतमंद गरीब परिवार को प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि उनके पास पहले से ही रहने के लिए मकान मौजूद है।

जमीतू के इस फैसले की ग्रामसभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर सराहना की। करीब 100 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने व्यवहार से यह संदेश दिया कि वास्तविक संपन्नता धन-दौलत में नहीं, बल्कि ईमानदारी, संतोष और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता में होती है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *