17 नवम्बर: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला ने अपनी गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि यह महाविद्यालय प्रदेश का प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है, जिसने शिक्षा, साहित्य, कला, विज्ञान, चिकित्सा, खेल और सैन्य सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली अनेक प्रतिभाओं को तैयार किया है।
शिक्षा मंत्री सोमवार को धर्मशाला महाविद्यालय के शताब्दी समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। समारोह का आयोजन ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन धर्मशाला महाविद्यालय की ओर से किया गया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने पर पूर्व विद्यार्थियों, वर्तमान विद्यार्थियों, शिक्षकों और समस्त महाविद्यालय परिवार को बधाई दी।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सरकारी क्षेत्र के कुल 133 महाविद्यालय संचालित हैं और इनमें सबसे अधिक विद्यार्थी नामांकन राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में है। यह संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और लोकप्रियता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के शिक्षा क्षेत्र में किए गए प्रयासों से हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 29वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है। आजादी के समय प्रदेश की साक्षरता दर लगभग पांच प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 99.5 प्रतिशत हो गई है।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। उन्होंने पूर्व छात्राओं एवं अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ियों भावना, ज्योति, पुष्पा और निकिता को भी उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
उन्होंने ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एसोसिएशन ने ऑडिटोरियम और लाइब्रेरी निर्माण के साथ पौधरोपण, रक्तदान शिविर तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से महाविद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पूर्व विद्यार्थियों का अनुभव और मार्गदर्शन वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
समारोह में पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय करण, उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक आशीष कोहली, दिव्य हिमाचल के प्रधान संपादक अनिल सोनी, ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गांधी, महासचिव अश्वनी कौल सहित अन्य पदाधिकारी, पूर्व विद्यार्थी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।