17 नवम्बर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को कांगड़ा जिले के धर्मशाला में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंगः ए जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पहलुओं, संघर्षों और दृढ़ संकल्प से भरी जीवन यात्रा का संवेदनशील एवं सारगर्भित वर्णन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में बताया गया है कि किस प्रकार सोनिया गांधी ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच स्वयं को ढाला और साहस, धैर्य तथा दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ विभिन्न कठिनाइयों का सामना किया। उनका जीवन संघर्ष, आत्मबल, मजबूत व्यक्तित्व और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक पाठकों को सोनिया गांधी के व्यक्तिगत अनुभवों और उनकी जीवन यात्रा को करीब से समझने का अवसर प्रदान करती है। साथ ही यह कठिन परिस्थितियों का साहस और धैर्य के साथ सामना करने की सीख भी देती है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से इस पुस्तक को पढ़ने का आग्रह करते हुए कहा कि जीवन के अनुभवों, संघर्षों और उनसे मिलने वाली सीख को समझना व्यक्ति के व्यक्तित्व और जीवन के प्रति दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह-प्रभारी विदित चौधरी एवं चेतन चौहान, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।