16 नवम्बर, कविता शांति गौतम : मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर देशभर के पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की आवाज उठाने और सत्ता एवं व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक दायित्व है।
संजय राठी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। पत्रकारों पर हमले, धमकियां, हत्या, झूठे मुकदमे और दबाव की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं। पत्रकारों को भयमुक्त वातावरण में काम करने का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के साथ पत्रकारों की स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बीच फर्जी खबरों, भ्रामक सूचनाओं और पीत पत्रकारिता से बचते हुए तथ्यों पर आधारित जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देनी होगी।
राठी ने केंद्र सरकार से देश में पत्रकार सुरक्षा कानून शीघ्र लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकारों और उनके परिवारों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, एक करोड़ रुपये का बीमा, पेंशन, टोल टैक्स में छूट और अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पत्रकार चाहे किसी बड़े मीडिया संस्थान में कार्यरत हों या छोटे समाचार पत्र, डिजिटल मीडिया अथवा स्वतंत्र पत्रकार के रूप में काम कर रहे हों, सभी को समान सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए।
संजय राठी ने कहा कि मीडिया की वास्तविक शक्ति उसकी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनता के प्रति जवाबदेही में निहित है। पत्रकारिता को राजनीतिक, व्यावसायिक और अन्य बाहरी दबावों से मुक्त रखना समय की आवश्यकता है।
अंत में उन्होंने सभी पत्रकारों से संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।