भूतपूर्व सैनिकों की आउटसोर्स नियुक्तियों के लिए 18 नवंबर से चयन प्रक्रिया शुरू करेगा हिमपैस्को

14 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं और महत्वपूर्ण स्थलों पर आउटसोर्स आधार पर भूतपूर्व सैनिकों की नियुक्ति के लिए हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक निगम (हिमपैस्को) 18 नवंबर से जिलावार चयन प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके तहत भूतपूर्व जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) और अन्य रैंक के सैनिकों की अलग-अलग स्क्रीनिंग की जाएगी।

हिमपैस्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक कर्नल (सेवानिवृत्त) मनीष कुमार ने बताया कि 18 नवंबर को हमीरपुर और चंबा के अन्य रैंकों के भूतपूर्व सैनिकों की स्क्रीनिंग होगी। 19 और 20 नवंबर को कांगड़ा, 21 नवंबर को मंडी और बिलासपुर, 23 नवंबर को ऊना, शिमला और किन्नौर तथा 25 नवंबर को सोलन, कुल्लू, सिरमौर और लाहौल-स्पीति के भूतपूर्व सैनिकों का चयन किया जाएगा।

जेसीओ श्रेणी के लिए 26 नवंबर को हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और सोलन, 27 नवंबर को कांगड़ा, चंबा और सिरमौर तथा 28 नवंबर को मंडी, शिमला, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग होगी।

सभी इच्छुक एवं पात्र भूतपूर्व सैनिकों को अपनी मूल डिस्चार्ज बुक और उसकी स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे हिमपैस्को मुख्यालय पहुंचना होगा। पिछले वर्ष की स्क्रीनिंग में चयनित और वेटिंग लिस्ट में शामिल भूतपूर्व सैनिकों को दोबारा स्क्रीनिंग में भाग लेने की आवश्यकता नहीं है।

जेसीओ श्रेणी में नायब सूबेदार, सूबेदार, सूबेदार मेजर और मानद कमीशन प्राप्त भूतपूर्व सैनिक पात्र होंगे। एक जनवरी 2027 को उनकी आयु 54 वर्ष से कम होनी चाहिए। वहीं, अन्य रैंकों की श्रेणी में हवलदार और मानद नायब सूबेदार तक के भूतपूर्व सैनिक आवेदन कर सकेंगे। इस श्रेणी के लिए निर्धारित तिथि पर आयु 55 वर्ष से कम होनी चाहिए।

सशस्त्र सुरक्षा गार्ड के पद के लिए वैध शस्त्र लाइसेंस, चालक के लिए ड्राइविंग लाइसेंस और अग्निशमन कर्मी के लिए फायरमैन डिप्लोमा या प्रमाण पत्र अनिवार्य है। जेसीओ श्रेणी की स्क्रीनिंग में केवल हिमपैस्को में पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। मनोचिकित्सीय कारणों से सेवामुक्त किए गए या इन्हीं कारणों से निम्न चिकित्सा श्रेणी में रखे गए भूतपूर्व सैनिक इस प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं होंगे।

चयन प्रक्रिया से संबंधित नियम, शर्तें और अन्य जानकारी हिमपैस्को की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *