चंडीगढ़: सेक्टर-10 में पुलिस मुख्यालय के पास महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, पति गिरफ्तार

14 नवम्बर: चंडीगढ़ सेक्टर-10 में पुलिस मुख्यालय से चंद कदम दूर एक युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह पेट्रोल पंप के पीछे ग्रीन बेल्ट में उसका खून से लथपथ शव मिला। सिर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे। मौके से खून लगा पत्थर भी बरामद हुआ। हाथ पर बने शिखा नाम के टैटू से मृतका की पहचान नयागांव की जनता कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय शिखा के रूप में हुई। वह दो बच्चों की मां थी और पंचकूला में नौकरी करती थी। पति से विवाद के चलते बच्चों के साथ सेक्टर-15 स्थित मायके में रह रही थी। परिजनों ने पति पर हत्या का शक जताया है। सेक्टर 3 पुलिस ने देर रात महिला के पति रॉबिन को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे कंट्रोल रूम को ग्रीन बेल्ट में शव पड़े होने की सूचना मिली। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार पुलिस टीम, क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन सेल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है।

परिजनों के अनुसार शिखा की पति से अनबन चल रही थी। इसी कारण वह दोनों बच्चों के साथ सेक्टर-15 में माता-पिता के पास रह रही थी। वीरवार को ऑफिस से लौटने के बाद देर शाम वह घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने कई बार फोन किया, मगर संपर्क नहीं हो सका। शुक्रवार को उसकी हत्या की सूचना मिली।

शिखा का मोबाइल घटनास्थल से गायब था जबकि जेब से एक ईयरपॉड मिला। शिखा ने सफेद टी-शर्ट, काली पैंट और सफेद जूते पहने हुए थे। पुलिस सेक्टर-10 और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच की जा रही है कि शिखा घर से निकलने के बाद ग्रीन बेल्ट तक कैसे पहुंची।

पुलिस ने शव सेक्टर-16 अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच से मौत के समय और चोटों की प्रकृति का पता चलेगा। पुलिस हत्या की वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *