14 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ शिमला पुलिस ने सोशल मीडिया पर गांधी परिवार को लेकर कथित भड़काऊ टिप्पणी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और गांधी परिवार के अन्य सदस्यों के संबंध में की गई कथित टिप्पणियों से जुड़ा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिमला के कसुम्पटी निवासी सेवानिवृत्त कैप्टन अतुल शर्मा ने 12 नवंबर को पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी। इस शिकायत के आधार पर 13 नवंबर को बालूगंज पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कंगना रनौत ने 10 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और संजय गांधी के निधन को लेकर भड़काऊ और निराधार संकेत दिए थे। शिकायत में सोनिया गांधी को कथित तौर पर ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ के रूप में प्रस्तुत करने और उनके राजनीतिक उदय को गांधी परिवार के सदस्यों की मृत्यु से जोड़ने पर भी आपत्ति जताई गई है।
कैप्टन अतुल शर्मा ने आशंका जताई है कि इस तरह की टिप्पणियों से विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैल सकता है और सार्वजनिक शांति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की प्रामाणिकता की साइबर फॉरेंसिक जांच करवाने की मांग की है।
यह विवाद उस समय शुरू हुआ, जब कंगना रनौत ने एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद पर टिप्पणी करते हुए गांधी परिवार का जिक्र किया था। उन्होंने अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ के शोध का हवाला देते हुए इस संबंध में सवाल उठाए थे।
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 196, 353 और 356 के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।