बीर-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसा, ग्रेटर नोएडा के 26 वर्षीय पर्यटक की मौत; पायलट पर FIR दर्ज

12 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बीर-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के दौरान हुए हादसे में ग्रेटर नोएडा के 26 वर्षीय पर्यटक की मौत हो गई। मृतक अपनी बहन और तीन चचेरे भाई-बहनों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने आया था। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना 10 नवंबर को इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS)-112 हेल्पलाइन के माध्यम से मिली थी। मृतक के एक दोस्त ने पुलिस को बताया कि बीर-बिलिंग क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग करते समय वह गिर गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ग्रेटर नोएडा की 24 वर्षीय युवती का बयान दर्ज किया, जो इस मामले में शिकायतकर्ता है। इसके बाद 11 नवंबर को कांगड़ा जिले के रहने वाले 45 वर्षीय पैराग्लाइडिंग पायलट के खिलाफ FIR दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 106 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले 25 अक्टूबर को धर्मशाला के खनियारा स्थित राइजिंग स्टार पीक के पास भी पैराग्लाइडिंग हादसा हुआ था। तेज हवाओं के कारण दो पैराग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। इनमें बुल्गारिया के 47 वर्षीय नागरिक मैक्सिम वैलेन्टिनोविच गैवरिलिचेंको की मौत हो गई थी, जबकि उनके साथ मौजूद 63 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक स्टीफन एंथनी पर्डे को सुरक्षित बचा लिया गया था।

पुलिस के अनुसार, दोनों विदेशी नागरिक बीर-बिलिंग पैराग्लाइडिंग साइट से अकेले उड़ान भरकर निकले थे। इसी दौरान दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच तेज हवाओं के चलते वे खनियारा के राइजिंग स्टार पीक के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त बचाव अभियान चलाया, जिसमें स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और हिम संचार रेस्क्यू टीम के सदस्य शामिल रहे। अभियान के दौरान बुल्गारिया के नागरिक को मृत पाया गया, जबकि ब्रिटिश नागरिक को सुरक्षित बचा लिया गया था।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *