14 नवंबर को सजेगा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड्स समारोह, स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज सहित 51 हस्तियों का होगा सम्मान

11 नवम्बर, कविता शांति गौतम : अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से 14 नवंबर को भव्य ‘अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड्स’ समारोह का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस समारोह में देश-विदेश की 51 प्रतिष्ठित हस्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें खेल, उद्योग, सामाजिक सेवा, राजनीति, पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली प्रतिभाएं शामिल होंगी।

समारोह में परम पूज्य गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज का विशेष सानिध्य रहेगा। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। इस अवसर पर स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज को सनातन धर्म, श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश, कर्मयोग और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में उनके अतुलनीय योगदान के लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके (लंदन) की ओर से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके (लंदन) के हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ अध्यक्ष सुमित सिंगला द्वारा प्रदान किया जाएगा।

अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के सह-प्रचार मंत्री, ट्राइसिटी प्रभारी एवं हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष सुमित सिंगला ने कहा कि स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज ने श्रीमद्भगवद्गीता के शाश्वत संदेश को भारत सहित पूरे विश्व में पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके प्रयासों से लाखों लोग सनातन धर्म, गीता के ज्ञान, कर्मयोग और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जुड़े हैं। स्वामी जी एक प्रसिद्ध हिंदू संत एवं आध्यात्मिक गुरु हैं तथा ‘जीओ गीता’ (GIEO GITA) और कुरुक्षेत्र स्थित ‘गीता ज्ञान संस्थानम्’ के प्रणेता एवं मार्गदर्शक हैं। उनके मार्गदर्शन में गीता के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विश्व बंधुत्व, मानवता और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सुमित सिंगला ने कहा कि स्वामी जी को सम्मानित करना भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और श्रीमद्भगवद्गीता के वैश्विक संदेश का सम्मान है। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके की ओर से उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किया जाना सभी के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन पिछले कई दशकों से अग्रवाल समाज को संगठित, सशक्त और प्रगतिशील बनाने के लिए कार्य कर रहा है। पिछले वर्ष भी संगठन ने अग्रवाल समाज के 101 युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया था। ये सम्मान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा प्रदान किए गए थे।

राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल ने विश्वास जताया कि इस वर्ष का ‘अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड्स’ समारोह समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा भावना, सांस्कृतिक गौरव और उत्कृष्ट कार्यों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *