रामपुर बुशहर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का आगाज, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया शुभारंभ

11 नवम्बर: शिमला जिले के रामपुर बुशहर में ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का बुधवार को विधिवत आगाज हुआ। पाटबंगला मैदान में आयोजित चार दिवसीय मेले का शुभारंभ प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया। इस अवसर पर उन्होंने किन्नौरी मार्केट में रिबन काटकर मेले का उद्घाटन किया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।

राज्यपाल ने मेले में पहुंचे किन्नौर के व्यापारियों और उत्पादकों से बातचीत कर उनके पारंपरिक उत्पादों के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला रामपुर की ऐतिहासिक पहचान और सदियों पुरानी व्यापारिक परंपरा का प्रतीक है। इस मेले का संबंध रामपुर, किन्नौर और तिब्बत के बीच रहे प्राचीन व्यापारिक रिश्तों से है। समय के साथ मेले का स्वरूप भले ही विस्तृत हुआ है, लेकिन इसकी पारंपरिक पहचान आज भी कायम है। हर वर्ष मेले में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी राज्यों और सीमावर्ती क्षेत्रों से व्यापारी, कारीगर, किसान, बागवान और पर्यटक पहुंचते हैं। मेले में किन्नौरी वस्त्रों, हस्तशिल्प, पारंपरिक सामग्री और पहाड़ी उत्पादों की विशेष मांग रहती है। यह आयोजन स्थानीय उत्पादकों और व्यापारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाता है।

राज्यपाल ने कहा कि मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाने के साथ प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति और संस्कारों को संजोकर रखने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि परंपराएं समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं और इन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाने के साथ प्रकृति का संरक्षण करना भी जरूरी है। उन्होंने मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने पारंपरिक उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाने और मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा स्थानीय संस्थाओं को बधाई दी।

मेले के दौरान अगले चार दिनों तक पाटबंगला मैदान में खरीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से रौनक बनी रहेगी। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी बिंदु गुप्ता, मेला समिति अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, एसपी गौरव सिंह, एसजेवीएन झाकड़ी परियोजना प्रमुख राजीव कपूर, एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, डीडी कश्यप सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *