11 नवम्बर: मंडी के पड्डल मैदान में 13 नवंबर को आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन की तैयारियों का बुधवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जायजा लिया। उन्होंने पड्डल मैदान का निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को चिट्टे जैसे घातक नशे से मुक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस जागरूकता वॉकथॉन में हजारों लोग भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान एंटी चिट्टा जागरूकता स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भी लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने जिला के नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त हिमाचल के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
उपायुक्त ने वॉकथॉन के आयोजन में सहयोग कर रहे समाजसेवियों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसडीएम सदर मंडी चंद्र प्रकाश, जिला विकास अधिकारी ग्रामीण विकास गोपी चंद पाठक, पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।