दिल्ली में यमुना नदी पर शुरू हुई ‘नमो यमुना रिवर सफारी’, सोनिया विहार से जगतपुर तक कर सकेंगे क्रूज का सफर

11 नवम्बर: दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने और यमुना नदी को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में मंगलवार को नई पहल की गई। केंद्रीय पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने यमुना नदी पर ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ सेवा का शुभारंभ किया। इस सेवा के शुरू होने से अब दिल्लीवासी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक सोनिया विहार से जगतपुर तक छह किलोमीटर की राउंड ट्रिप में क्रूज यात्रा का आनंद ले सकेंगे। इस दौरान पर्यटकों के लिए तीन से चार घंटे की यात्रा में मनोरंजन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी उपलब्ध रहेंगी।

सेवा के उद्घाटन अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, मंत्री प्रवेश वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अन्य नेताओं के साथ क्रूज में सवार होकर यमुना की सैर भी की।

इस अवसर पर सोनोवाल ने कहा कि दिल्ली में पहली बार इस तरह की पहल शुरू होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसका श्रेय दिल्ली सरकार और अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के संयुक्त प्रयासों को देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में अंतर्देशीय जलमार्गों की संभावनाओं को पहचानते हुए इनके विकास पर विशेष जोर दिया है। भारत ने दुनिया का सबसे लंबा नदी क्रूज संचालित कर वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता साबित की है। इस क्रूज ने 3,200 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 27 नदी प्रणालियों को पार किया था।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ महज क्रूज या नौका यात्रा नहीं है, बल्कि मां यमुना के प्रति लोगों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ी पहल है। इससे दिल्लीवासियों को अपने ही शहर में एक नया पर्यटन अनुभव मिलेगा। सफारी के दौरान लाइट एंड साउंड शो और मनोरंजन गतिविधियों के अलावा बच्चों तथा वयस्कों के लिए भी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का लाभ उठाने और बच्चों को यमुना नदी तथा प्रकृति के महत्व से परिचित कराने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं लागू की गई हैं। वहीं, मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार की प्राथमिकता यमुना रिवरफ्रंट का विकास करना है, लेकिन इसके लिए सबसे पहले नदी की सफाई जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 18-19 महीनों में दिल्ली से गुजरने वाली यमुना की 52 किलोमीटर लंबी धारा के आधे हिस्से की सफाई की जा चुकी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *