28 अक्तूबर: त्योहारी सीजन में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए शिमला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में रामपुर पुलिस ने तलई क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस पटाखे जमा करने के आरोप में एक दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्तूबर 2026 को रामपुर पुलिस थाना की टीम नोगली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दीपक बंसल निवासी रामपुर ने तलई स्थित अपनी दुकान में बिना अनुमति बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर रखे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश देकर जांच की। इस दौरान पटाखों के भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र मांगे जाने पर दुकानदार कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।