28 अक्तूबर: राष्ट्रीय आविष्कार अभियान (RAA) के तहत समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित मुंबई शैक्षणिक भ्रमण में प्रदेश के छह जिलों के 73 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें जिला हमीरपुर के 12 मेधावी विद्यार्थी भी शामिल रहे। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करना रहा।
मुंबई भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान, इतिहास, संस्कृति और आधुनिक अवसंरचना के विभिन्न पहलुओं को करीब से जानने का अवसर मिला। शहर में हो रहे नवाचारों और तकनीकी प्रगति को देखकर विद्यार्थियों ने आधुनिक विकास तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य को समझा। इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान और अनुभव को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने में भी सहायक होते हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भ्रमण से लौटे बच्चे उत्साहित हैं और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं। बच्चों का यह भोलापन दिल को छू लेने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें ज्ञान और कौशल से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।