ज्वाली के मतलाहड़ में कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने सुनीं जनसमस्याएं, पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश

28 अक्तूबर: कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत मतलाहड़ में आयोजित ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास और लोगों को सड़क, बिजली, पेयजल तथा स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। सरकार इन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके।

कृषि मंत्री ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की जीवनरेखा हैं। बेहतर सड़क संपर्क से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलती है। इसी तरह निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता भी ग्रामीण परिवारों की प्रमुख जरूरतें हैं। उन्होंने कहा कि पहले मतलाहड़ के लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब विभिन्न ट्यूबवेलों के माध्यम से क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो रहा है। ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए प्रो. चंद्र कुमार ने बताया कि ज्वाली में छह विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में न जाना पड़े।

मंत्री ने कहा कि ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, उनकी समस्याएं सुनना और सरकार तथा जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने लोगों से पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही, अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध करवाएं और पात्र लाभार्थियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में मार्गदर्शन प्रदान करें।

कार्यक्रम में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, खंड विकास अधिकारी मनोज शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता विशाल पत्रवाल, एसडीओ पंचायती राज अमन रिहालिया, एसडीओ अंकित चौधरी, जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता निर्मल, मतलाहड़ पंचायत प्रधान अश्विनी चौधरी, नरगाला पंचायत प्रधान शिव धीमान, भलदून पंचायत प्रधान कुलदीप, बीडीसी सदस्य सचिन और सुमना देवी तथा पूर्व बीडीसी सदस्य सुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *