भरमौर के मांधा और सैल्ली स्कूलों को मिली नई सौगात, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किए भवनों के उद्घाटन

26 अक्तूबर: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जनजातीय क्षेत्र भरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में करीब 1 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विज्ञान खंड का लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने राजकीय उच्च पाठशाला सैल्ली के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया। इस भवन के निर्माण पर 87 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इस अवसर पर सदर विधायक नीरज नैय्यर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मांधा और सैल्ली में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और केंद्र सरकार से जुड़े वित्तीय संसाधनों की चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। उन्होंने राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने और जीएसटी कंपनसेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार इन चुनौतियों के बीच भी विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द ही भरमौर विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए जाएंगे, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुख शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में करीब 10 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि पांच हजार शिक्षकों की नियुक्तियों का भी प्रावधान किया गया है। इससे जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की शैक्षणिक नीतियों और योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में विज्ञान विषय के पद सृजित करने और अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त शौचालयों के निर्माण हेतु तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं, राजकीय उच्च पाठशाला सैल्ली में रसोईघर निर्माण और अन्य कार्यों के लिए पांच लाख रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने स्थानीय पंचायतों की मांगों को पूरा करने का भी आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी, जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति के अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक शेर सिंह, वनमंडल अधिकारी रजनीश महाजन, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *