सोलन में टोल फीस बचाने के लिए फर्जी कर्नल बना बैजनाथ का युवक, वर्दी और पहचान पत्र बरामद

26 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के सोलन में टोल फीस बचाने के लिए भारतीय सेना का फर्जी कर्नल बनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बैजनाथ निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सैन्य वर्दी और पहचान पत्र बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक टोल फीस बचाने के लिए सेना का फर्जी अधिकारी बना था।

पुलिस के अनुसार, पुलिस चौकी गढ़खल को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव कोट और आसपास के क्षेत्रों में एक युवक सेना की वर्दी पहनकर तथा सैन्य पदचिह्न लगाकर खुद को सेना का अधिकारी बता रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और गांव सुनारडी में दबिश देकर एक किराए के कमरे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान अर्पण कटोच पुत्र जगदीश चंद, निवासी गांव टिकरी, डाकघर डुहकी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को एक कार्ड मिला, जिस पर आरोपी की सैन्य वर्दी में तस्वीर लगी हुई थी। पुलिस ने सैन्य वर्दी और पहचान पत्र को भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोलन के शामती के समीप स्थित एक निजी होटल में काम करता है और गांव सुनारडी में किराए के कमरे में रहता है। इसी कमरे से उसे गिरफ्तार किया गया।

सोलन के पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने बताया कि युवक के सेना का फर्जी अधिकारी बनने की सूचना मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *