24 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन विभाग की ओर से संयुक्त राष्ट्र दिवस के अवसर पर ‘यूएन संगम 2026 : यूनाइटिंग माइंड्स, शेपिंग टुमारो’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्रयास हॉल में आयोजित इस एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय मटौर के प्राचार्य प्रो. विनोद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि राजकीय महाविद्यालय शाहपुर की प्रो. आशा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन लोक प्रशासन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में किया गया। इसमें राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के विद्यार्थियों के साथ राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया।
मुख्य अतिथि प्रो. विनोद शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक मूल्यों, शांति और युवा सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया और लोक प्रशासन विभाग की इस पहल की सराहना की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने भी आयोजन की प्रशंसा करते हुए प्रतिभागियों और विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान क्विज, भाषण, वॉक ऑफ फेम, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और पोस्टर मेकिंग सहित पांच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए डॉ. गौरव महाजन, प्रो. संजय ठाकुर और डॉ. दीपिका ठाकुर ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।
क्विज प्रतियोगिता में विवेकानंद टीम ने प्रथम, कौटिल्य टीम ने द्वितीय और टैगोर टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां की अंकिता प्रथम रहीं, जबकि अर्पिता और राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की तन्वी ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। स्ताक्षी और रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वॉक ऑफ फेम प्रतियोगिता में पारुल ने प्रथम, कनिका ने द्वितीय और नितीश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अभिषेक और तनुजा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में पायल प्रथम, शुभम और अंशिका द्वितीय तथा कशिश, नितीश और जानवी तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में लक्ष्मी ने प्रथम, पायल ने द्वितीय और आदिश्री ने तृतीय स्थान हासिल किया।
समारोह के समापन पर मुख्य अतिथि ने विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य प्रो. बालक राम, डॉ. सर्वेश गिल, डॉ. विक्रम श्री वत्स, डॉ. भारत, डॉ. गोविंद, डॉ. मोनिका शर्मा, डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता और प्रो. ऋषभ सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।