23 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शुक्रवार को तीर्थस्थल तत्तापानी में बनने वाले गर्म पानी के स्नानागार (हॉट वाटर पूल) और सामुदायिक भवन के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हॉट वाटर पूल के प्रथम चरण के कार्य का ड्राइंग और एस्टीमेट एक माह के भीतर तैयार किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को जल्द बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने प्रस्तावित स्थल पर आधुनिक स्नानागार के निर्माण के लिए सहमति जताई और संबंधित अधिकारियों तथा कोलडैम प्रबंधन को आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तत्तापानी धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रथम चरण के कार्य की योजना और अनुमानित लागत एक माह में तैयार करने को कहा। दूसरे चरण में सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।
मंत्री ने तत्तापानी में आम लोगों की सुविधा के लिए प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। इनमें फुटपाथ का निर्माण और पुलिस चेक पोस्ट की मरम्मत सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इन कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश भी दिए गए, जिस पर कोलडैम प्रबंधन के अधिकारियों ने सहमति जताई।
इस दौरान जगत सिंह नेगी ने नाव के माध्यम से झील में जमा सिल्ट का भी जायजा लिया और लोगों को इस समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर क्षेत्र के विकास से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की।
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने मंत्री को हॉट वाटर पूल और सामुदायिक भवन के लिए प्रस्तावित स्थल के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम करसोग अलीशा चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश राज, कोलडैम प्रबंधन की डीजीएम अंजला अग्रवाल, अखिलेश जोशी, हरबिंदर सिंह, तहसीलदार पृथी चंद, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय राज गुप्ता, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता बुद्धि सिंह, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता चंद्रमणि शर्मा, तत्तापानी पंचायत प्रधान प्रेम रैना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।