बारल-लोहारड़ा में सीवरेज, पक्की सड़क और स्ट्रीट लाइटों के लिए होगा बजट का प्रावधान: सुनील शर्मा बिट्टू

17 अक्तूबर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीरपुर बाईपास से सटे बारल, लोहारड़ा और आसपास के क्षेत्रों में सीवरेज, पक्की सड़क, नालियों, फुटपाथ, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट और रेन शेल्टर जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए जल्द बजट का प्रावधान किया जाएगा।

शुक्रवार देर शाम इन क्षेत्रों के लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि बारल के कुछ परिवारों की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए नई पाइपलाइन बिछाने का एस्टीमेट तैयार करवाया जाएगा। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर जनसुविधाओं के लिए नए एस्टीमेट तैयार किए जाने हैं, वहां दो दिनों के भीतर सर्वे पूरा किया जाए, ताकि एस्टीमेट तैयार कर जल्द बजट का प्रावधान करवाया जा सके।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जिला हमीरपुर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री जिले के विकास के लिए बजट की कमी नहीं आने दे रहे हैं और नए विकास कार्यों के माध्यम से लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने लोगों को नींबू प्रजाति के पौधे भी वितरित किए। इससे पहले, पूर्व मनोनीत पार्षद निशांत शर्मा ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं व मांगों से अवगत करवाया।

कार्यक्रम में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, कांग्रेस नेता राजेश आनंद, राजेश चौधरी, मनोज शर्मा, अश्वनी लंबरदार, आरसी डोगरा, शिव ठाकुर सहित सुशील डोगरा, रूप लाल, रमेश चंद, विजय डोगरा, रतन चंद, करतार सिंह, प्रेम चंद, पुरुषोत्तम चंद, केहर सिंह और अन्य स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *