शिवबाड़ी में 10 लाख से बना भव्य प्रवेश द्वार और पार्किंग स्थल, विधायक राकेश कालिया ने किया लोकार्पण

16 अक्तूबर: गगरेट विधानसभा क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। इनमें गगरेट-अम्ब मार्ग पर 43 करोड़ रुपये की लागत से अंदौरा पुल, 11 करोड़ रुपये से ओयल-गुगलेहड़ सड़क और 11 करोड़ रुपये से भंजाल-दौलतपुर वाया भद्रकाली सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा संघनई में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण के लिए अब तक 15 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। दौलतपुर चौक में करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से फायर सेफ्टी सिस्टम, गगरेट कस्बे में 14 करोड़ रुपये की मल निकासी योजना, अप्पर अंदौरा में छह करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा 25 सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं सहित अनेक विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

यह जानकारी गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने बुधवार को प्राचीन द्रोण महादेव शिव मंदिर (शिवबाड़ी), अम्बोटा में खनियारा स्लेट से निर्मित भव्य प्रवेश द्वार और आकर्षक पार्किंग स्थल का लोकार्पण करने के बाद दी। करीब 10 लाख रुपये की लागत से तैयार इस प्रवेश द्वार और पार्किंग स्थल की विशेषता यह है कि इसके निर्माण के लिए न तो मंदिर ट्रस्ट से कोई राशि ली गई और न ही सरकारी अनुदान का सहारा लिया गया। शिवभक्तों के सहयोग और दान से तैयार यह पार्किंग स्थल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ आकर्षक सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी उभर रहा है।

विधायक ने कहा कि पार्किंग स्थल को आकर्षक फुलवारी, हरियाली और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जो यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। निर्माण कार्य के दौरान एक भी पेड़ नहीं काटा गया। इससे शिवबाड़ी की प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।

विधायक राकेश कालिया ने शिवबाड़ी के विकास में एसडीएम सौमिल गौतम के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भले ही उनका यहां से तबादला हो गया था, लेकिन संभवतः द्रोण महादेव की कृपा से इस पवित्र स्थल को और सुंदर बनाने के लिए उन्हें दोबारा यहां आने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि एसडीएम के प्रयासों से पहले शिव वाटिका का निर्माण करवाया गया। इसके बाद एक दानी सज्जन के सहयोग से भव्य हाल का निर्माण हुआ। अब खनियारा स्लेट से बने आकर्षक प्रवेश द्वार और सुंदर पार्किंग स्थल ने शिवबाड़ी की भव्यता को और बढ़ाया है।

राकेश कालिया ने कहा कि शिवबाड़ी मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा दिलाया जा चुका है। अब इसे राज्यस्तरीय मेले के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल की महत्ता को और बढ़ाने के उद्देश्य से भाषा एवं संस्कृति विभाग के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा, ताकि शिवबाड़ी में विभागीय स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जा सकें।

इससे पहले एसडीएम सौमिल गौतम ने विधायक राकेश कालिया को शाल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक राकेश कालिया ने बरसात से प्रभावित करीब 10 परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। प्रभावित परिवारों को कुल करीब पौने दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई, जिससे उन्हें आपदा से हुए नुकसान के बाद राहत मिल सके।

इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र कंवर, उपाध्यक्ष राकेश ठाकुर, विलेज कांग्रेस कमेटी डंगोह खास के अध्यक्ष हरमेश राणा, एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम, बीडीओ गगरेट सुरिंदर जेतली, अम्बोटा के प्रधान पंकज जसवाल, एनएसी की अध्यक्ष मंजू ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *