15 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : हिमाचल प्रदेश की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने बीसीसीआई महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी (एलीट ग्रुप) में शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को 8 विकेट से हरा दिया। बेंगलुरु के अलूर क्रिकेट स्टेडियम-4 में 14 अक्तूबर को खेले गए इस मुकाबले में शाहपुर के धारकंडी क्षेत्र के दरिणी गांव की हिमानी शर्मा ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा। उन्होंने महज 45 गेंदों में 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 79 रन बनाकर हिमाचल की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मुकाबले में टॉस जीतकर हिमाचल प्रदेश ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। इसके जवाब में हिमाचल की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 14.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 160 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
हिमानी शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए झारखंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी नाबाद 79 रन की पारी हिमाचल की जीत का मुख्य आकर्षण रही। उनके अलावा अर्चना ठाकुर ने भी टीम के लिए अहम योगदान दिया।
इस जीत के साथ हिमाचल प्रदेश की टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत स्थिति का प्रदर्शन किया, जबकि झारखंड को चार मुकाबलों के बाद पहली हार का सामना करना पड़ा। हिमानी के शानदार प्रदर्शन से शाहपुर और पूरे धारकंडी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
हिमानी की सफलता से उनके पिता राजिंदर शर्मा और माता बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि बेटी की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का सुखद परिणाम सामने आया है। हिमानी की उपलब्धि से उनके पैतृक गांव दरिणी सहित पूरे धारकंडी क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों ने हिमानी और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।